खेत में मिला 10 हजार किलो विस्फोटक, दिल्ली ब्लास्ट केस से जुड़ रहे तार; NIA करेगी पूछताछ

नागौर के हरसौर गांव में पुलिस ने एक खेत से 9,550 किलोग्राम से अधिक अमोनियम नाइट्रेट और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। खेत मालिक सुलेमान खान को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध खनन करने वालों को विस्फोटक आपूर्ति करने वाला था। इस मामले के तार दिल्ली के लाल किला धमाके से पहले फरीदाबाद में मिले विस्फोटकों से जुड़े होने की आशंका है। NIA और CBI की टीमें जांच के लिए नागौर पहुंची हैं।
HighLights
- नागौर में खेत से 9,550 किलो अमोनियम नाइट्रेट जब्त।
- खेत मालिक सुलेमान खान अवैध विस्फोटक आपूर्ति में गिरफ्तार।
- NIA और CBI दिल्ली ब्लास्ट कनेक्शन की जांच कर रही हैं।
राजस्थान में नागौर जिले के हरसौर गांव में पुलिस ने एक खेत से 10 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इसे खेत पर बने चार अलग-अलग कमरों में 187 बोरियों में इकट्ठा करके रखा गया था।
पुलिस ने विस्फोटक सामग्री सीज कर खेत के मालिक सुलेमान खान को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में पता चला कि आरोपित यह विस्फोटक सामग्री अवैध खनन करने वालों को आपूर्ति करने वाला था। इससे पहले ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर दी।
आशंका है कि दिल्ली में लाल किला धमाके से पहले फरीदाबाद में बरामद विस्फोटकों का जखीरा और इस मामले के तार आपस में जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस इस बारे में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं कर रही है।
नागौर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि पुलिस की जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और थांवला थाना पुलिस ने रविवार रात कार्रवाई कर सुलेमान के खेत से 187 बोरियों में पैक 9,550 किलोग्राम से अधिक अमोनियम नाइट्रेट और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की। इनमें लाल और नीले रंग के वायर भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुलेमान से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सुलेमान विस्फोटक सामग्री कहां से लेकर आता था और किन लोगों को आपूर्ति करता था। आरोपित के खिलाफ विस्फोटक बरामदगी को लेकर पहले से तीन मामले अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज हैं।
जांच के लिए पहुंची एनआईए और सीबीआई टीम
केंद्रीय जांच एजेंसियों एनआईए और सीबीआई की टीम भी मामले की जांच के लिए सोमवार देर शाम नागौर पहुंची। इस बीच आरोपित सुलेमान की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने उसे अजमेर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है।



