T20 World Cup 2026: न्यूजीलैंड और कनाडा के बीच मुकाबला आज चेन्नई में, आयरलैंड से भिड़ेगी जिम्बाब्वे

टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड कनाडा के खिलाफ अपनी कमजोरियों को दूर कर सुपर आठ में जगह पक्की करना चाहेगा। दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद न्यूजीलैंड दबाव में है, जबकि कनाडा भी संघर्ष कर रहा है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को हराकर जोश में आई जिंबाब्वे की टीम आयरलैंड के विरुद्ध अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। स्कॉटलैंड नेपाल के खिलाफ जीत दर्ज कर नेट रन रेट सुधारने का लक्ष्य रखेगा, क्योंकि नेपाल अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है।
HighLights
- न्यूजीलैंड की नजर सुपर-8 पर
- स्कॉटलैंड का मैच नेपाल से
- गुरुवार को होंगे 3 मुकबले
Canada vs New Zealand: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में न्यूजीलैंड की कुछ कमजोरियां खुलकर सामने आ गई थी और टीम अब कनाडा के खिलाफ मंगलवार को होने वाले टी-20 विश्व कप के ग्रुप डी के अपने अंतिम मैच में इन्हें दूर करने और सुपर आठ में जगह पक्की करने की कोशिश करेगा। विश्व कप से ठीक पहले भारत में पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलने के बाद न्यूजीलैंड की टीम उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से काफी हद तक अभ्यस्त होकर टूर्नामेंट में उतरी।
अफगानिस्तान और यूएई के खिलाफ आसान जीत ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया। लेकिन दक्षिण अफ्रीका की मजबूत टीम के विरुद्ध उसे सात विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार ने हर विभाग में, खासकर बल्लेबाजी में उसकी कमजोरियों को उजागर कर दिया।
NZ vs CAN: न्यूजीलैंड का कनाडा से सामना
न्यूजीलैंड के लिए पावरप्ले की परेशानियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं, क्योंकि शुरुआती विकेट गिरने से लय बिगड़ जाती है और मध्य क्रम के बल्लेबाजों को पारी को संवारने का काम करना पड़ता है। वहीं, दूसरी तरफ कनाडा की भी अपनी परेशानियां हैं। उसकी टीम दक्षिण अफ्रीका और यूएई के विरुद्ध अपने दोनों मैच हारने के बाद अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। टूर्नामेंट से पहले प्रतिस्पर्धी मैचों का अनुभव न होने का असर उनके प्रदर्शन में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
जीत की लय बरकरार रखने उतरेगा जिंबाब्वे
पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पर शानदार जीत के बाद जोश से भरी जिंबाब्वे की टीम मंगलवार को होने वाले टी-20 विश्व कप में आयरलैंड के विरुद्ध अपनी लय बरकरार रखकर पहली बार सुपर आठ में जगह बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। आयरलैंड पर जीत से जिंबाब्वे के छह अंक हो जाएंगे, लेकिन तब भी उसकी ग्रुप बी से सुपर आठ में जगह पक्की नहीं होगी।
ऑस्ट्रेलिया (दो मैचों में दो अंक) और श्रीलंका (दो मैचों में चार अंक) अब भी छह अंक तक पहुंच सकते हैं। उस स्थिति में नेट रन रेट निर्णायक होगा। जिंबाब्वे अपना आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में मेजबान श्रीलंका के विरुद्ध खेलेगा। अगर जिंबाब्वे सुपर आठ में पहुंच जाता है तो यह सात प्रयासों में पहली बार होगा जब उसकी टीम इस चरण में जगह बनाएगी।
टूर्नामेंट में अब तक जिंबाब्वे का प्रदर्शन शानदार रहा है। दूसरी ओर आयरलैंड ओमान पर आसान जीत के बाद इस मैच में उतरेगा। मेजबान श्रीलंका और आस्ट्रेलिया के विरुद्ध अपने शुरुआती दो मैच हारने के बाद वह टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ करना चाहेगा।
नेपाल की कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश में स्कॉटलैंड
पिछले मैच में इटली पर बड़ी जीत से उत्साहित स्काटलैंड की टीम नेपाल के विरुद्ध मंगलवार को होने वाले मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। नाटकीय परिस्थितियों में प्रतियोगिता में शामिल होने वाला स्काटलैंड संघर्षरत नेपाल के विरुद्ध जीत दर्ज करने के लिए प्रतिबद्ध होगा। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज से करारी हार के बावजूद स्काटलैंड ने इटली को 73 रन से हराया।
नेपाल की टीम अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है और उसके विरुद्ध स्काटलैंड न केवल अपनी जीत की उम्मीद करेगा, बल्कि अपने नेट रन रेट में सुधार करने की भी कोशिश करेगा। वहीं, नेपाल को खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि न तो उसके बल्लेबाज और न ही गेंदबाज कोई खास कमाल दिखा पाए हैं।



