मुंबई में एटीसी का बड़ा एक्शन, फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहे 4 अवैध बांग्लादेशी को पकड़ा

मुंबई में चार बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी पहचान दस्तावेजों का उपयोग कर अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पठानवाड़ी इलाके में पुलिस और एटीसी द्वारा चलाए गए अभियानों के बाद ये गिरफ्तारियां हुईं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे बिना वैध कागजात के भारत में घुसे थे। उनके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
HighLights
- मुंबई में चार बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से गिरफ्तार।
- फर्जी पहचान दस्तावेजों का उपयोग कर रहे थे आरोपी।
- निर्वासन प्रक्रिया शुरू, कई साल से भारत में।
मुंबई में बांग्लादेश के चार नागरिकों को फर्जी पहचान दस्तावेज का उपयोग कर अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पठानवाड़ी इलाके में चलाए गए समन्वित अभियानों के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं।
कुरार पुलिस थाने से जुड़े एंटी-टेरेरिज्म सेल (एटीसी) के अधिकारी को इस क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस ने एटीसी के साथ मिलकर दो, चार और छह फरवरी को छापे मारे। इस दौरान, पठानवाड़ी के विभिन्न स्थानों से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान, सभी चार ने स्वीकारा कि वे बांग्लादेशी हैं और बिना वैध दस्तावेज भारत में घुसे थे। उनकी बांग्लादेश की नागरिकता से संबंधित कई दस्तावेज मिले।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान ताहिर जमाल सरदार, मोहम्मद अब्दुल मोमिन उर्फ मोहम्मद लतीफ, नजरुल इस्लाम शेर अली विश्वास, और मोहम्मद इस्माइल हक उर्फ मोहम्मद ताहिर रहमान के रूप में हुई है।
ये पठानवाड़ी में रह रहे थे। आरोपित कई साल पहले भारत में घुसे थे और फर्जी पहचान का उपयोग करके छिपे रहे। उनके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की गई है। (समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)



