सिकंदरा से श्रद्धालुओं की बस रवाना, श्री परमहंस आश्रम नागौर में होंगे स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के दर्शन।
रामकिशन ठेकेदार और ईश्वरमाल सैनी ने दिखाई हरी झंडी, भक्त भाव-विभोर होकर हुए रवाना।

गुरु भक्ति और आस्था से ओतप्रोत यात्रा,स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के सत्संग में शामिल होंगे सैकड़ों श्रद्धालु।
क्राइम इंडिया टीवी डिजिटल डेस्क,
सिकंदरा (दौसा)। आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत माहौल में गुरुवार को गीजगढ़ कस्बे से श्रद्धालुओं का दल श्री परमहंस आश्रम, श्री बालाजी नागौर (राजस्थान) के लिए रवाना हुआ। यह दल स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के सत्संग एवं दिव्य दर्शनों हेतु विशेष रूप से रवाना हुआ।
इस धार्मिक यात्रा को शुभारंभ करने के लिए स्थानीय समाजसेवी रामकिशन ठेकेदार एवं ईश्वरमाल सैनी ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कस्बे में भक्तिभाव और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालु “जय गुरु देव” और “परमहंस महाराज की जय” के जयकारों के साथ प्रस्थान कर रहे थे।
कार्यक्रम स्थल पर किशन ठेकेदार, मुकेश सैनी, बनवारी आडतियां, कैलाश ठेकेदार, आशीष, सुरेंद्र, कपिल, अशोक, महेश, राम, मनन, राजेंद्र, गिर्राजप्रसाद, रामजीलाल, राहुल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी यह यात्रा समाज में धार्मिक एकता, गुरु भक्ति और अध्यात्मिक जागरण का संदेश लेकर निकली है। बस के प्रस्थान से पूर्व सभी यात्रियों ने भगवान श्री बालाजी और स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के चरणों में पूजा-अर्चना कर मंगल यात्रा की कामना की।
स्थानीय लोगों ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सकारात्मक सोच और आत्मिक शांति का संचार करते हैं। यात्रियों के नागौर पहुंचने पर वहां स्वामी जी के सत्संग, प्रवचन और भंडारे में सम्मिलित होने का कार्यक्रम रहेगा।
गीजगढ़ से रवाना हुई इस बस यात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्ति और समर्पण की भावना का माहौल बना दिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के सत्संग से जीवन में सद्मार्ग और संयम का संदेश मिलता है।



