Sawai Madhopur: दंगल कार्यक्रम में हाथी पर सवार होकर पहुंचे डॉ. किरोड़ी मीणा, संस्कृति संरक्षण पर दिया संदेश

सवाई माधोपुर के इटावा बालाजी में आयोजित विशाल पद दंगल कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शिरकत की। ग्रामीणों ने हाथी और बैंड-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मंत्री ने लोक संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकता पर जोर दिया।
सवाई माधोपुर में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा रविवार को सवाई माधोपुर जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने इटावा बालाजी में आयोजित विशाल पद दंगल कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में ग्रामीणों और आयोजकों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
डॉ. मीणा का काफिला जैसे ही इटावा गांव के समीप पहुंचा, बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथी और बैंड-बाजे के साथ स्वागत के लिए मौजूद थे। ग्रामीणों ने उन्हें हाथी पर बैठाकर जुलूस के रूप में पद दंगल स्थल तक पहुंचाया। इस दौरान जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा भी की गई। सैकड़ों ग्रामीण जुलूस में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उन्होंने बालाजी के दर्शन किए
संस्कृति संरक्षण का सशक्त माध्यम है पद दंगल
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि कन्हैया पद दंगल केवल परंपरा और लोक-संस्कारों के संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक है। उन्होंने लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोक कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
समाज और जनता के आभार का किया उल्लेख
अपने संबोधन में डॉ. मीणा ने कहा कि वे हमेशा मीणा समुदाय सहित हर समाज के साथ खड़े रहे हैं। आरक्षण और आमागढ़ जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने समाज के हित में संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें राजनीतिक षड्यंत्रों में फंसाने की कोशिश की गई, लेकिन सवाई माधोपुर की जनता ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें विजय दिलाई, जिसके लिए वे आभारी हैं।
उन्होंने कहा, “मैं हर चक्रव्यूह में प्रवेश तो कर जाता हूं, लेकिन उसे तोड़ने की शक्ति मुझे जनता जनार्दन से ही मिलती है।” उन्होंने सामाजिक मूल्यों में आ रही गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों को अच्छे संस्कार देने की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने धार्मिक प्रसंगों का उल्लेख भी किया और अंत में जनता से निरंतर सहयोग और आशीर्वाद की अपेक्षा जताई।



