राजनीतिक

‘ट्रेड डील तत्काल स्थगित करे सरकार’, कांग्रेस का इंडिया-US व्यापार समझौते पर निशाना

कांग्रेस ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को तत्काल रोकने की मांग की है। पार्टी का तर्क है कि इस निर्णय से डी ..

HighLights

  1. कांग्रेस ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील रोकने की मांग की।
  2. अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से डील का स्वरूप बदला।
  3. किसानों के हितों की रक्षा के लिए बदलाव जरूरी।

 कांग्रेस ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर देश हित में भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से रोकने की सरकार से मांग की है। पार्टी ने कहा कि शीर्ष अमेरिकी अदालत के निर्णय से ट्रेड डील का स्वरूप बदल गया है और अपने हितों की रक्षा के लिए कदम उठाने का यह भारत के लिए मौका है।

इसलिए ट्रेड डील को तत्काल स्थगित कर सरकार को भारतीय किसानों की रक्षा के लिए इसमें बदलाव करना चाहिए क्योंकि इस समझौते में ही बदलाव का प्रावधान है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस करते हु कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के अंतरिम समझौते के फ्रेमवर्क में यह प्रावधान है कि अगर एक देश शर्तों में बदलाव करता है तो दूसरा देश भी ऐसा कर सकता है।

जयराम रमेश ने उठाए सवाल

चूकि अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने जवाबी टैरिफ को बहुमत से अमान्य कर दिया है तो समझौते का स्वरूप बदल गया है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले में स्पष्ट कहा गया है कि ट्रंप को इस प्रकार के टैरिफ लगाने का अधिकार नहीं था क्योंकि यह अमेरिकी कानून और संविधान के खिलाफ था।

जयराम रमेश ने ट्रेड डील को लेकर सरकार की जल्दबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने दो फरवरी को भारत से व्यापार समझौते की पहली घोषणा करते हुए कहा था कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आग्रह पर हो रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या जल्दबाजी थी जबकि सबको मालूम था कि ट्रंप के जवाबी ट्रैरिफ को वहां के सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है और उस पर रोक लग सकती है। जयराम रमेश ने सरकार से कहा कि मौजूदा अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए इस व्यापार समझौते को स्थगित किया जाना चाहिए।

कांग्रेस महासचिव ने यह दावा किया कि दो फरवरी को ही दिन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सदन में पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की पुस्तक में किए गए खुलासे का मुद्दा उठाने से उपजे सवालों से पीएम मोदी घबरा गए और आनन-फानन में व्यापार समझौते के लिए ट्रंप से आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button