कोटा में हरियाणा के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, जेईई की कर रहा था तैयारी

राजस्थान के कोटा में एक छात्र सरताज सिंह ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हरियाणा के सिरसा जिले का निवासी सरताज पिछले दो साल से कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहा था। यह दुखद घटना रविवार रात दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर हुई।
HighLights
- कोटा में जेईई की तैयारी कर रहे छात्र ने आत्महत्या की।
- हरियाणा निवासी सरताज सिंह ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी।
- छात्र दो साल से कोटा में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था।
देश में कोचिंग हब के रूप में प्रसिद्ध कोटा में एक छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। जान देने वाला छात्र सरताज सिंह हरियाणा में सिरसा जिले के हिमायूं खेड़ा गांव का निवासी था।
वह पिछले दो साल से कोटा में रहकर जेईई (इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा) की तैयारी कर रहा था।
कोटा में उद्योग नगर पुलिस थानाधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना रविवार रात दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर हुई। छात्र एक निजी हास्टल में रहता था। वह जेईई की तैयारी के साथ 12वीं कक्षा की पढ़ाई भी कर रहा था। सरताज के पिता कुलदीप सिंह गांव में खेती करते हैं।



