दुर्घटना

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार; 4 लोगों की मौके पर मौत

दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मृतक गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली के निवासी थे, जो महाकाल मंदिर से लौट रहे थे। कार ट्रक के नीचे 8 किमी तक घिसटती रही। वहीं, डीडवाना-कुचामन में ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार मां और दो बेटियों की भी मौत हो गई।

HighLights

  1. दौसा एक्सप्रेस-वे पर कार-ट्रक टक्कर में चार की मौत।
  2. मृतक गाजियाबाद और दिल्ली के, महाकाल से लौट रहे थे।
  3. डीडवाना में ट्रक ने स्कूटी को रौंदा, मां-दो बेटियों की मौत।

 राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में कार में सवार पांच में से चार लोगों की मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में तीन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और एक पूर्वी दिल्ली का निवासी है।

दुर्घटना के बाद कार ट्रक के पीछे के हिस्से में फंस गई और करीब आठ किलोमीटर तक घिसटती चली गई। कार में शवों को निकालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन बुलाकर कार को ट्रक के नीचे से निकाला गया।

सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ हादसा

हादसा दौसा जिले के पापड़दा क्षेत्र में एक्सप्रेस वे के पिलर नंबर-193 के निकट सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। नांगल राजावतान के पुलिस उपाधीक्षक दीपक मीणा ने बताया कि हरियाणा नंबर की कार में सवार पांच लोग मध्य प्रदेश के महाकाल मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। मृतकों में गाजियाबाद के खोड़ा कालोनी निवासी राहुल (35), प्रिंस गुप्ता (18) व नंदग्राम मरियम नगर के रहने वाले विक्रम सिंह (25) और पूर्वी दिल्ली में शाहदरा जिले के इंद्रा पार्क निवासी पारस (31) शामिल हैं।

घायल बृजमोहन गुप्ता (28) गाजियाबाद के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चारों मृतक कार में आगे की दो सीटों पर बैठे थे। वहीं, घायल बृजमोहन सबसे पीछे की सीट पर बैठे थे। हादसे का कारण कार चालक को झपकी आना माना जा रहा है।

ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी, महिला और दो बेटियों की मौत

राजस्थान में डीडवाना-कुचामन जिले के गोरेड़ी गांव में एक ट्रक स्कूटी को टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटते ले गया। हादसे में स्कूटी सवार महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। सोमवार रात स्कूटी सवार 47 वर्षीय शारदा अपनी तीन बेटियों के साथ घर से बाजार जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।

हादसे में शारदा और उसकी दो बेटियों लाड़ो व अंकिता की मौके पर ही मौत हो गई और एक बेटी अक्षिता गंभीर रूप से घायल हो गई। स्कूटी के साथ मां और बेटियां भी घिसटते चली गईं। लोगों के आवाज देने पर भी ट्रक चालक नहीं रुका। पुलिस ने ट्रक चालक रामधन को गिरफ्तार किया है। मृत महिला के पति गिरधारी काफी समय से बीमार हैं।

Related Articles

Back to top button