जयपुर: तेज रफ्तार SUV ने 18 साल की लड़की को रौंदा, बनने वाली थी एयरफोर्स का हिस्सा

जयपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय एयरफोर्स अभ्यर्थी की मौत हो गई। बुधवार को जॉगिंग के दौरान एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। लड़की ने लिखित परीक्षा पास कर ली थी और फिजिकल की तैयारी कर रही थी। आरोपी ड्राइवर फरार है, पुलिस ने एसयूवी जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच के लिए विशेष टीम गठित की है।
HighLights
- 18 साल की एयरफोर्स अभ्यर्थी की जयपुर में सड़क हादसे में मौत।
- तेज रफ्तार महिंद्रा थार एसयूवी ने जॉगिंग के दौरान टक्कर मारी।
- ड्राइवर फरार, पुलिस ने एसयूवी जब्त कर जांच शुरू की।
जयपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 साल की लड़की की मौत हो गई। ये हादसा बुधवार, 21 जनवरी को हुआ। 18 साल की इस लड़की ने इंडियन एयरफोर्स के लिए लिखित परीक्षा पास कर ली थी और अब फिजिकल एग्जाम की तैयारी कर रही थी।
18 साल की ये लड़की बुधवार सुबह जॉगिंग के लिए निकली थी कि पीछे से एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार एसयूवी ने टक्कर मार थी। इस गाड़ी का ड्राइवर हादसे के बाद से फरार है।
18 साल की लड़की की मौत
जयपुर एक्सप्रेसवे पर एक हिट-एंड-रन टक्कर में इंडियन एयरफोर्स की फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रही 18 साल की एक लड़की की मौत हो गई। ये लड़की झुंझुनू की रहने वाली थी और अपनी बहन के साथ जयपुर में रह रही थी।
सड़क हादसे में हुई टक्कर से 18 साल की लड़की को कई गंभीर चोटें आईं। एयरफोर्स की तैयारी में जुटी लड़की की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
करधनी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मामला दर्ज कर लिया है और थार SUV जब्त कर ली है। पुलिस ने बताया कि गाड़ी आगे सड़क पर एक और गाड़ी से टकराई, जिसके बाद ड्राइवर फाटक के पास गाड़ी छोड़कर पैदल भाग गया।
पुलिस ने आगे बताया, बॉडी का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है और शव को अंतिम संस्कार के लिए परिवार को उनके पैतृक गांव सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई है और कहा है कि आरोपी जल्द ही पकड़ा जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



