दिल्ली एनसीआर

दिल्ली का हाल तो देखिए… फटे पाइपलाइन और जाम नालियों से निकल रहा गंदा पानी; बढ़ा हादसों का खतरा

पश्चिमी दिल्ली के महावीर एन्क्लेव पार्ट-3 में 40 फुटा मुख्य सड़क पर नाला जाम होने और पाइपलाइन फटने से गंदा पानी बह रहा है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। सड़क पर फिसलन से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और बीमारियां फैलने की आशंका है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

HighLights

  1. पश्चिमी दिल्ली में नाला जाम, पाइपलाइन फटने से सड़क पर गंदा पानी।
  2. राहगीरों, दुकानदारों, वाहन चालकों को भारी परेशानी, व्यापार प्रभावित।
  3. सड़क पर फिसलन से दुर्घटनाएं, बीमारियों का खतरा; प्रशासन उदासीन।

पश्चिमी दिल्ली में महावीर एन्क्लेव पार्ट-3 की 40 फुटा मुख्य रोड पर नाला जाम होने और वाटर सप्लाई पाइपलाइन फटने के कारण सड़क लगातार पानी बह रहा है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जमा गंदे पानी और नाले की गंदगी की वजह से राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है।

वहीं, घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में सड़क पर बह रहे पानी के कारण न केवल बीमारियां पनपने का खतरा बढ गया है, बल्कि सड़क पर बनी फिसलन दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रही है।

महावीर एन्क्लेव की 40 फुटा रोड क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण मार्ग में से एक है। यह सड़क द्वारका-डाबरी मार्ग को सीधे बिंदापुर, जनकपुरी और महावीर एन्क्लेव के विभिन्न रिहायशी ब्लॉकों से जोड़ती है। रोजाना हजारों की संख्या में लोग दफ्तर और स्कूल जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। व्यस्त बाजार होने के कारण यहां सुबह से रात तक भारी चहल-पहल रहती है, लेकिन वर्तमान में इस सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है।

द्वारका-डाबरी रोड के किनारे बने नाले की गाद न निकाले जाने से गंदा पानी बैक मारकर सड़क पर फैल रहा है। रही-सही कसर किनारे से गुजर रही फटी पाइपलाइन ने पूरी कर दी है। स्थिति इतनी विकट है कि जब भी कोई तेज रफ्तार वाहन यहां से गुजरता है, तो गंदा पानी उछलकर पैदल यात्रियों के कपड़ों और सड़क किनारे की दुकानों के भीतर तक चला जाता है। रात के समय लगातार पानी के बह रहे होने के कारण अब सड़क पर बन गड्ढे बाइक सवारों को नजर नहीं आते, जिससे वे अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानों के सामने सड़क पर बर रहे गंदा पानी के कारण और उससे आने वाली बदबू से ग्राहक उनकी दुकानों की ओर नहीं आते। जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।

नाला पूरी तरह ब्लाक है और पाइपलाइन से सैकड़ो लीटर पानी बर्बाद होकर सड़क पर जमा हो रहा है। प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। – अतर सिंह, स्थानीय निवासी

सड़क पर गंदगी और फिसलन की वजह से बुजुर्गों और बच्चों का पैदल चलना भी मुश्किल है। आए दिन यहां बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। – हरि दत, स्थानीय निवासी

Related Articles

Back to top button