जयपुर गोपी नाथ जी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट

सेना में मेजर और फेमस फैशन डिजाइनर… जयपुर पहुंची थाईलैंड की राजकुमारी; एयरपोर्ट पर फोटो लेना था मना

थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नरिरत्ना राजकन्या 6 से 10 फरवरी तक राजस्थान के जयपुर और जोधपुर का दौरा कर रही हैं। यह यात्रा भारत-थाईलैंड के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगी। जयपुर में वे रामबाग पैलेस में ठहरेंगी और आमेर किला, हवामहल जैसे स्थलों का भ्रमण करेंगी। जोधपुर में मेहरानगढ़ किला और उम्मेद भवन देखेंगी। राजकुमारी एक फैशन डिजाइनर और सेना में मेजर भी हैं।

HighLights

  1. राजकुमारी सिरिवन्नावरी 6-10 फरवरी तक राजस्थान का दौरा करेंगी।
  2. जयपुर और जोधपुर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगी राजकुमारी।
  3. यह दौरा भारत-थाईलैंड के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगा।

 थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नरिरत्ना राजकन्या इन दिनों भारत दौरे पर हैं। वे 6 से 10 फरवरी तक राजस्थान में रहेंगी। इस दौरान वे जयपुर और जोधपुर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगी। यह दौरा भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

शुक्रवार को राजकुमारी सिरिवन्नावरी विशेष विमान से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पुलिस और CISF की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रोटोकॉल के तहत आम लोगों को फोटो और वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी गई।

राजस्थान में कहां-कहां जाएंगी राजकुमारी

एयरपोर्ट से वे सीधे अपने काफिले के साथ रामबाग पैलेस के लिए रवाना हो गईं। जयपुर प्रवास के दौरान वे यहीं ठहरेंगी। जयपुर में राजकुमारी को राजस्थान की प्रसिद्ध अतिथि देवो भवः परंपरा से परिचित कराया जाएगा।

उनके कार्यक्रम में आमेर किला, हवामहल, सिटी पैलेस और त्रिपोलिया बाजार का दौरा शामिल है। इस दौरान उन्हें राजस्थान की कला, हस्तशिल्प, संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली की जानकारी दी जाएगी।

जोधपुर में किले और ऐतिहासिक स्मारक

जयपुर के बाद राजकुमारी सिरिवन्नावरी जोधपुर जाएंगी। वहां वे मेहरानगढ़ किला, उम्मेद भवन और जसवंत थड़ा का भ्रमण करेंगी। इन स्थलों पर उन्हें राजस्थानी स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व के बारे में बताया जाएगा।

माना जा रहा है कि यह दौरा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करेगा। राजकुमारी के दौरे को लेकर राजस्थान प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हाल ही में राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने तैयारियों की समीक्षा की थी।

इसके साथ ही रॉयल थाई एम्बेसी की एम्बेसडर के साथ समन्वय बैठक भी आयोजित की गई, ताकि दौरा सुचारु रूप से संपन्न हो सके। जयपुर और जोधपुर में सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल से जुड़ी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

फैशन डिजाइनर और सेना में मेजर

राजकुमारी सिरिवन्नावरी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक जानी-मानी फैशन डिजाइनर हैं। उनका खुद का लग्जरी फैशन ब्रांड है, जो कई देशों में लोकप्रिय है। इसके साथ ही वे थाईलैंड की शाही सेना में मेजर के पद पर कार्यरत हैं। वे एक कुशल घुड़सवार भी हैं और खेल, कला व संस्कृति में गहरी रुचि रखती हैं।

Related Articles

Back to top button