अंतरराष्ट्रीय

30 लाख से ज्यादा पन्ने, तस्वीरें और वीडियो… क्या है दुनियाभर के राजनीतिक हलकों में खलबली मचाने वाली एपस्टीन फाइल

अमेरिकी न्याय विभाग ने हाल ही में जेफ्री एपस्टीन फाइल्स जारी की हैं। इन दस्तावेजों में कुख्यात यौन अपराधी एपस्टीन के यौन तस्करी और शोषण नेटवर्क का खुलासा हुआ है। लाखों पन्नों, वीडियो और तस्वीरों वाली इन फाइलों में बताया गया है कि कैसे एपस्टीन ने अपने निजी द्वीप का इस्तेमाल अपराधों के लिए किया और शक्तिशाली लोगों को ब्लैकमेल किया।

HighLights

  1. अमेरिकी न्याय विभाग ने जेफ्री एपस्टीन फाइल्स जारी कीं।
  2. फाइलों में यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का खुलासा हुआ।
  3. बिल क्लिंटन, एलन मस्क जैसे नाम सामने आए।

 जेफ्री एपस्टीन की फाइल्स एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार (30 जनवरी) को यौन अपराधी से जुड़े दस्तावेजों का एक नया सेट जारी किया है। फाइलों के इस नए सेट में कुछ ऐसे नाम सामने आए हैं, जिनके बारे में पहले पता नहीं था और जिनका संबंध दोषी सेक्स अपराधी से था।

गौर करने वाली बात यह है कि दस्तावेजों में जिन लोगों के नाम हैं, उनमें से किसी पर भी एपस्टीन के संबंध में गलत काम करने का औपचारिक रूप से आरोप नहीं लगाया गया है।

क्या हैं एपस्टीन फाइल्स?

दरअसल, एपस्टीन फाइल्स अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एप्सटीन से जुड़े सरकारी दस्तावेज हैं, जो उसकी यौन तस्करी और शोषण के मामलों से जुड़े हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने पारदर्शिता कानून के तहत इन्हें सार्वजनिक किया है।

इन फाइल्स से जुड़े कुल मिलाकर 30 लाख से ज्यादा पन्ने जारी किए गए हैं। इनमें 2 हजार से ज्यादा वीडियो और लगभग 1 लाख 80 हजार तस्वीरें शामिल हैं। हालांकि, पीड़ितों की सुरक्षा को देखते हुए कई हिस्से अभी भी छिपाए गए हैं।

कौन था जेफ्री एपस्टीन?

एपस्टीन एक अमेरिकी फाइनेंसर था और उसने अमीर और ताकतवर लोगों से रिश्ते बनाए हुए थे। उसके ऊपर नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण और तस्करी के गंभीर आरोप लगे। जांच में पता चला है कि कई पीड़ित लड़कियां नाबालिग थीं। उन्हें पढ़ाई, पैसा और नौकरी का लालच देकर फंसाया गयाष फिर उनका यौन शोषण किया गया। इस मामले ने अमेरिका के साथ-साथ पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया।

2008 में उसे दोषी ठहराया गया और गिरफ्तार भी किया गया। अपने मजबूत संबंधों के दम पर वह रिहा हुआ लेकिन 2019 में उसे फिर से गिरफ्तार किया गया। इसी साल न्यूयॉर्क की जेल में उसे मृत पाया गया।

एपस्टीन आइलैंड

एपस्टीन फाइल्स के साथ-साथ एपस्टीन आइलैंड की भी जमकर चर्चा हो रही है। इस आइलैंड का असली नाम लिटिल सेंट जेम्स आइलैंड है। यह यूएस वर्जिन आइलैंड्स में स्थित एक प्राइवेट द्वीप था। इस पर एपस्टीन ने कब्जा कर रखा था। पीड़ितों की अगर मानें तो इसी आइलैंड पर एपस्टीन ने कई अपराध किए और इसी वजह से इसे एपस्टीन आइलैंड कहा जाने लगा।

खेला गया ब्लैकमेलिंग का खेल

आरोप लगा है कि एपस्टीन ने अमीर, ताकतवर और मशहूर लोगों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनवाए। अपना काम निकलवाने के लिए एपस्टीन ने इसका इस्तेमाल दबाव और ब्लैकमेलिंग के लिए किया। जांच एजेंसियों को इससे संबंधित कई डिजिटल सबूत भी मिले हैं। हालांकि कई सबूतों को अभी भी गोपनीय रखा गया है।

किन लोगों के नाम सामने आए?

एपस्टीन फाइल्स में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, वह पूरी दुनिया में मशहूर हैं। इनमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, मौजूदा राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, एंड्रयू माउंटबेटन, एलन मस्क और बिल गेट्स जैसी मशहूर हस्तियां शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button