Gen-Z तलाश रहे एक्स्ट्रा कमाई के दूसरे ऑप्शन, 57% युवाओं के लिए सिर्फ एक सैलरी ही काफी नहीं

युवाओं में नौकरी को लेकर नया चलन सामने आया है। जेन-जी केवल एक नौकरी तक सीमित नहीं है। वे पार्ट-टाइम जॉब के साथ फ्रीलांसिंग, कंटेंट क्रिएशन और पॉडकास्टिंग जैसे कई विकल्प तलाश रहे हैं।
HighLights
- जेन जी युवा मल्टीपल इनकम विकल्प अपना रहे हैं।
- 57% अमेरिकी युवा पार्ट-टाइम जॉब के साथ साइड हसल करते हैं।
- आर्थिक स्थिरता और जुनून के लिए युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
युवाओं में नौकरी को लेकर नया ट्रेंड सामने आया है। ‘जेन-जी’ अब केवल एक नौकरी तक सीमित नहीं रह रहे, वह अपने शौक और पैसे कमाने के लिए कई ऑप्शन तलाश रहे हैं।
अमेरिका में हैरिस पोल के सर्वे के मुताबिक, 57 फीसद युवा पार्ट टाइम जॉब के साथ फ्रीलांसिंग या साइड हसल कर रहे हैं। इनमें पॉडकास्ट, कंटेंट क्रिएशन या इलस्ट्रेशन जैसे ऑप्शन शामिल हैं।
पार्ट टाइम जॉब के साथ कंटेंट क्रिएशन
युवा आर्थिक स्थिरता के साथ ही अपने सपनों को जीने की आजादी भी चाहते हैं। इसके लिए वे नौकरी के साथ सोशल नेटवर्किंग साइट पर भी कंटेंट क्रिएशन से लेकर पॉडकास्टिंग जैसे काम भी कर रहे हैं।
न्यूयॉर्क में भी कई लोग नौकरी के साथ पॉडकास्ट और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बना रहे हैं। भारत में भी यह ट्रेंड तेजी से बढ़ता जा रहा है, जहां युवा जॉब के अलावा असली पहचान अपने जुनून वाले कामों से बना रहे हैं।
सेकंड ऑप्शन के साथ क्यों चल रहे युवा?
युवाओं में नौकरी को लेकर विश्वास कम होता जा रहा है। उन्हें लगता है कि आज नौकरी है, शायद कल हो या न हो। ऐसे में वे अपना काम शुरू करके खुद को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं।
अमेरिका में कई लोग ड्यूटी के बाद डिजिटल पेंटिंग और ग्राफिक्स का काम करते हैं। लोग दिन में स्टोर की नौकरी करते हैं और रात में अपने हुनर को क्लाइंट्स तक पहुंचाते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले समय में कंपनियां युवाओं को केवल सैलरी के दम पर नहीं रोक पाएंगी, उन्हें काम में लचीलापन लाना होगा।



