RAS Recruitment 2024: छठवें चरण के साक्षात्कार 16 फरवरी से शुरू, आयोग ने जारी किए एडमिट कार्ड

RAS Recruitment 2024: राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्त सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा‑2024 (आरएएस भर्ती‑2024) के छठे चरण के साक्षात्कार कार्यक्रम की घोषणा की है। साक्षात्कार 16 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित होंगे।
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा‑2024 (आरएएस भर्ती‑2024) के अंतर्गत चयन प्रक्रिया के छठे चरण के साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार यह साक्षात्कार 16 फरवरी 2026 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। इस चरण में चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रशासनिक और अधीनस्थ सेवाओं के पदों के लिए साक्षात्कार कॉल किया गया है।
‘इंटरव्यू लेटर वेबसाइट पर अपलोड’
आरपीएससी के उप सचिव जितेंद्र कुमार उदय ने बताया कि इस चरण में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लेटर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध संबंधित लिंक के माध्यम से अपने साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इंटरव्यू लेटर किसी भी अभ्यर्थी को डाक या अन्य ऑफलाइन माध्यम से अलग से नहीं भेजे जाएंगे।
सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं अभ्यर्थी
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे साक्षात्कार के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में साथ लाएं। इन दस्तावेजों में ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र, अटेस्टेशन फॉर्म तथा सेवा प्राथमिकता क्रम की दो‑दो प्रतियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सभी मूल प्रमाण पत्र और उनकी एक‑एक स्वहस्ताक्षरित फोटोकॉपी भी साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
दिशा‑निर्देशों का भली‑भांति अध्ययन कर लें अभ्यर्थी
आरपीएससी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे दस्तावेजों से संबंधित दिशा‑निर्देशों का भली‑भांति अध्ययन कर लें। इसके लिए आयोग द्वारा पहले जारी किए गए निर्देशों का अवलोकन करना आवश्यक बताया गया है। निर्धारित तिथि एवं समय पर साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित होना प्रत्येक अभ्यर्थी की जिम्मेदारी होगी। आयोग ने यह भी कहा है कि साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे समय से पूर्व अपनी तैयारी पूरी कर लें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना को नियमित रूप से जांचते रहें। इस चरण को आरएएस भर्ती‑2024 की चयन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।



