राष्ट्रीय

रूस ने जारी किया वीडियो, मैक्रों ने पोस्ट की मोदी संग सेल्फी… गणतंत्र दिवस पर दुनियाभर के नेताओं ने भारत को दी बधाई

गणतंत्र दिवस पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय और भूटान के पीएम तोबगे सहित दुनियाभर के नेताओं ने भारत को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने इन शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। किंग चार्ल्स ने भारत-ब्रिटेन साझेदारी की सराहना की, जबकि मैक्रों ने पीएम मोदी के साथ अपनी सेल्फी साझा की। रूसी दूतावास ने भी एक विशेष वीडियो जारी कर बधाई दी।

HighLights

  1. फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने पीएम मोदी संग सेल्फी साझा की।
  2. ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने भारत-ब्रिटेन साझेदारी की सराहना की।
  3. रूसी दूतावास ने भारत के लिए विशेष वीडियो जारी किया।

 फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के किंग चा‌र्ल्स तृतीय, भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे, साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स समेत दुनियाभर के नेताओं ने गणतंत्र दिवस पर भारत को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं के लिए फ्रांस, भूटान और साइप्रस के नेताओं को धन्यवाद दिया।

ब्रिटेन के किंग चा‌र्ल्स तृतीय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को लिखे गणतंत्र दिवस के बधाई संदेश में भारत-ब्रिटेन की अटूट साझेदारी की सराहना की। ब्रिटेन के दूतावास द्वारा इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किए गए किंग चा‌र्ल्स के इस पत्र में ”स्वच्छ ऊर्जा पहलों, क्लाइमेट फंडिंग में सहयोग और स्वच्छ तकनीक के क्षेत्र में मजबूत संबंधों को विशेष रूप से उजागर किया गया।

पत्र में उन्होंने लिखा, राष्ट्रमंडल की समृद्ध विविधता और युवा पीढ़ी की ऊर्जा आशा और प्रगति को प्रेरित करती रहती है। वैश्विक अनिश्चितता के समय हमारी सामूहिक शक्ति और एकता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। ¨कग ने अहमदाबाद में होने वाले 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की सफल बोली पर उसे बधाई भी दी।

भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे ने एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी और भारत के लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। गणतंत्र दिवस पर बधाई संदेश में बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने भारतीय लोकतंत्र की मजबूती की सराहना की। राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी को अपने बधाई संदेश में, लुकाशेंको ने कहा, बेलारूस भारत के साथ अपने मित्रवत संबंधों पर गर्व करता है। मुझे विश्वास है कि हमारा सहयोग, जो विश्वास और आपसी समर्थन पर आधारित है लगातार मजबूत होता रहेगा।

सऊदी अरब के शाह सलमान और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी और भारत के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दीं। गणतंत्र दिवस पर अपने संदेश में श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने कहा कि उनका देश ”भारत के साथ अपने निकट साझेदारी को बहुत महत्व देता है, जो आपसी सम्मान, साझा मूल्यों और क्षेत्रीय शांति और विकास के प्रति सामान्य प्रतिबद्धता पर आधारित है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी भारत को गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं।

मैक्रों ने साझा की पीएम मोदी के साथ सेल्फी, 75वें गणतंत्र दिवस को याद किया

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए 75वें गणतंत्र दिवस की याद ताजा की, जब वह मुख्य अतिथि थे। उन्होंने पोस्ट किया, 2024 में हमने साथ मिलकर जो गणतंत्र दिवस मनाया, उसकी यादें कितनी अद्भुत हैं! मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र मोदी, प्रिय भारतीय मित्रों, इस महान उत्सव के दिन पर मेरी शुभकामनाएं। फरवरी में मिलते हैं!

गौरतलब है कि मैक्रों अगले महीने भारत आने वाले हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने मैक्रों का आभार जताने के लिए फ्रेंच में पोस्ट किया, मेरे प्रिय मित्र, राष्ट्रपति मैक्रों भारत के गणतंत्र दिवस पर आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं जल्द ही भारत में आपका स्वागत करने और भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के लिए तत्पर हूं।

इजरायल के विदेश मंत्री ने कहा- गणतंत्र दिवस मुबारक हो भारत

इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने पोस्ट किया, गणतंत्र दिवस मुबारक हो भारत! मैं डॉ. एस. जयशंकर और भारत के लोगों को शुभकामनाएं देता हूं। हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना जारी रखेंगे।

ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने अपने भारतीय समकक्ष जयशंकर के साथ तस्वीर साझा करते हुए कहा, ऑस्ट्रेलिया की भारत के साथ साझेदारी कभी इतनी मजबूत नहीं रही। मेरे मित्र डा. एस. जयशंकर और भारत के लोगों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

आर्मेनिया के विदेश मंत्री अरारात मिर्जोयान ने जयशंकर और भारत के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दीं, और कहा कि आर्मेनिया भारत के साथ सभी क्षेत्रों में महत्वाकांक्षी नई पहलों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है और हमारे संबंधों को नए ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर है।

रूसी दूतावास ने साझा किया विशेष वीडियो

गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास ने विशेष वीडियो साझा किया। रूसी दूतावास ने सोमवार की सुबह डेढ़ मिनट का वीडियो पोस्ट किया, जिसका शीर्षक था ”फ्रॉम प्तरशिया विद लव”। गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं, भारत! रिकॉर्डेड वीडियो की शुरुआत भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव द्वारा गणतंत्र दिवस पर हिंदी में भारतीयों का अभिवादन करते हुए होती है।

वीडियो में आगे, दूतावास से जुड़े रूसी लोग विभिन्न भाषाओं जैसे गुजराती, मराठी, मलयालम, बंगाली और पंजाबी में भारत और उसकी संस्कृति तथा विविधता के बारे में अपने विचार साझा करते हैं। यह वीडियो इंटरनेट पर काफी साझा किया जा रहा है, जिसने देर शाम तक एक्स पर लगभग 69,000 व्यूज मिले हैं। अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर, जर्मन राजदूत फिलिप एकरमैन, ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन सहित कई देशों के दूतावासों ने भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।

भारत में फ्रांसीसी और इटालियन दूतावासों ने भी एक्स पर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं पोस्ट कीं। फ्रांस ने गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय यूनियन के नेताओं के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पर खुशी जताई।

अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने पोस्ट किया, गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं, भारत! गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारतीय आसमान में अमेरिकी निर्मित विमानों को उड़ते देख रोमांचित हूं, जो अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी की ताकत का शक्तिशाली प्रतीक है। गौरतलब है कि अमेरिका में बने परिवहन विमान सी-130जे और अपाचे हेलीकॉप्टर परेड में शामिल थे।

इटालियन दूतावास ने पोस्ट किया, भारत के गणतंत्र दिवस की परेड की तस्वीरें। यूरोपीय परिषद और यूरोपीय आयोग के अध्यक्षों की उपस्थिति भारत और यूरोप के बीच मित्रता और रणनीतिक साझेदारी का प्रमाण है। भारत में जर्मन राजदूत फिलिप एकरमैन ने भी एक्स पर भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परेड की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

जापान के भारत में राजदूत ओनो कीइची ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत के गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं। इजरायल के दूतावास ने भी भारत को शुभकामनाएं दीं। भारत में इजरायल के राजदूत, रुवेन अजार ने एक्स पर पोस्ट किया, गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं, भारत!

Related Articles

Back to top button