एक्सक्लूसिव खबरें

Sirohi News: सेना भर्ती 2027 के लिए अधिसूचना जारी, 1 अप्रैल 2026 तक आवेदन का अवसर

मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर ने सेना भर्ती 2027 के लिए अधिसूचना जारी की है। विभिन्न अग्निवीर और अन्य श्रेणियों में 1 अप्रैल 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया योग्यता आधारित होगी और जून 2026 में संभावित परीक्षा आयोजित होगी।

मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर द्वारा भारतीय सेना में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदक अपनी योग्यता के आधार पर नियमित प्रवेश श्रेणियों के अतिरिक्त दो अग्निवीर श्रेणियों के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।

विभिन्न पदों के लिए आमंत्रित किए गए आवेदन
सेना राजस्थान के पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार वर्ष 2027 की भर्ती के तहत भारतीय सेना में जेसीओ, ओआर रैंक के लिए अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक, स्टोर कीपर तकनीकी), अग्निवीर ट्रेडसमैन (10वीं पास), अग्निवीर ट्रेडसमैन (8वीं पास), अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (महिला सेना पुलिस), सैनिक तकनीकी (नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेटनरी) और सिपाही फार्मा श्रेणियों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले भर्ती वर्षों में राजस्थान राज्य ने पूरे देश में सबसे अधिक पंजीकरण प्राप्त किया था।

सिरोही। सेना में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।

दो अग्निवीर श्रेणियों में आवेदन का विकल्प
पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि अग्निवीर उम्मीदवार अपनी पात्रता के आधार पर नियमित प्रवेश श्रेणियों के अतिरिक्त दो अग्निवीर श्रेणियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। दो विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों को दोनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग फार्म भरना होगा और संबंधित दो सामान्य प्रवेश परीक्षाओं में शामिल होना होगा। हालांकि उन्हें कुछ प्रशिक्षण प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। उच्च शारीरिक फिटनेस और चिकित्सा मानकों वाली श्रेणी के लिए केवल एक भर्ती रैली और एक चिकित्सा परीक्षण आयोजित किया जाएगा। अंतिम चयन आवेदन की गई श्रेणी में योग्यता के आधार पर होगा।

आवेदन और परीक्षा की प्रक्रिया
पीआरओ के अनुसार अधिसूचना जारी कर दी गई है और उम्मीदवार 1 अप्रैल 2026 तक जॉइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सफलतापूर्वक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम जून 2026 (संभावित) में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा के एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 10 से 15 दिन पहले जॉइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

दलालों से सावधान रहने की अपील
लेफ्टिनेंट कर्नल धवन ने अभ्यर्थियों से दलालों से बचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और स्वचालित है तथा चयन पूर्णतः योग्यता के आधार पर किया जाएगा। विस्तृत जानकारी और सहायता के लिए अभ्यर्थियों को अपने संबंधित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है। भर्ती कार्यालयों के संपर्क विवरण भारतीय सेना की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

Related Articles

Back to top button