बजट में लड़का-लड़की पर घमासान, राजस्थान में बीजेपी विधायक के बयान पर बवाल; कांग्रेस ने बताया शर्मनाक

राजस्थान विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान भाजपा विधायक बहादुर सिंह कोली के एक बयान से विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने भाजपा सरकार के बजट की तुलना लड़के के जन्म से और कांग्रेस के बजट की तुलना लड़की के जन्म से की। कांग्रेस ने इसे भेदभावपूर्ण और शर्मनाक बताते हुए कड़ा विरोध जताया। कोली ने अपने बयान को ब्रजभाषा की अभिव्यक्ति बताया, लेकिन विपक्ष ने इसे लैंगिक असमानता को बढ़ावा देने वाला बताया।
HighLights
- भाजपा विधायक ने बजट की तुलना लड़के-लड़की के जन्म से की।
- कांग्रेस ने बयान को भेदभावपूर्ण और शर्मनाक बताया, विरोध दर्ज कराया।
- विधायक कोली ने इसे अपनी ब्रजभाषा की अभिव्यक्ति कहा।
राजस्थान विधानसभा में राज्य बजट पर चर्चा को दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक बहादुर सिंह कोली के एक बयान से सियासी विवाद पैदा हो गया है। सदन में चर्चा के दौरान भाजपा विधायक ने बीजेपी सरकार के बजट की तुलना लड़के के जन्म से और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के बजट की तुलना लड़की की जन्म से की।
विधानसभा में बजट पर बहस के दौरान बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली ने कहा कि हमारा बजट युवाओं का है, उनका बजट बुजुर्गों का है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पहले ही बजट में लड़के को जन्म दिया और आगे भी ऐसा ही किया, जबकि जब अशोक गहलोत मुख्यमंत्री थे, तब आखिरी बजट में लड़की पैदा हुई, इसलिए कांग्रेस विपक्ष में बैठी है।
लैंगिग उपमा पर कांग्रेस ने जताया विरोध
बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली के बयान के बाद कांग्रेस विधायकों ने मंगलवार को जोरदार विरोध दर्ज कराया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे भेदभावपूर्ण और आपत्तिजनक बताया। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज भी बेटा-बेटी में भेद करते वाली सोच शर्मनाक है।
कांग्रेसॉ ने भारतीय जनता पार्टी से इस पर विषय पर रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए बजट जैसे गंभीर विषयों की लैंगिक तुलना को गलत बताया।
बहादुर सिंह कोली की सफाई
आलोचना और विवाद बढ़ने के बाद बहादुर सिंह कोली ने कहा कि उनके बयान में कुछ भी गलत नहीं है। यह उनकी ब्रजभाषा की अभिव्यक्ति है। भाजपा विधायक ने कहा कि उन्होंने केवल अच्छा बजट पेश किए जाने की बात कही थी।



