संविधान दिवस पर घूमना में रक्तदान और जागरूकता का संदेश, 39 यूनिट रक्त संग्रहित।।
संविधान दिवस पर सेवा का संकल्प, घूमना में 39 यूनिट रक्तदान।
77वें शिविर में 23 युवाओं ने पहली बार किया रक्तदान,आयोजक अजय रामनाथ घूमना का अब तक 123 बार रक्तदान।
सिकराय। घूमना, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर घूमना क्षेत्र में मानव सेवा और संवैधानिक जागरूकता को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कड़ी की कोठी चौराहे स्थित जनसेवक कार्यालय, सरपंच भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 39 यूनिट रक्त संग्रहित कराया।
आयोजक इंजीनियर अजय रामनाथ घूमना की ओर से आयोजित यह 77वां रक्तदान शिविर रहा। शिविर की खास उपलब्धि यह रही कि 23 लोगों ने पहली बार रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प जताया। अजय रामनाथ घूमना स्वयं अब तक 123 बार रक्तदान कर चुके हैं और रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित करने में लगातार जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम में रक्तदान के साथ संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रतियां वितरित कर नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई।
आयोजन में सिकराय विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, युवाओं और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। रक्तदान और संविधान जागरूकता के संयुक्त आयोजन को लोगों ने सामाजिक सरोकारों की दिशा में प्रेरक पहल बताया। कार्यक्रम के माध्यम से मानव सेवा, नागरिक जिम्मेदारी और संविधान के सम्मान का संदेश दिया गया।