एक्सक्लूसिव खबरें

15 करोड़ का टर्नओवर और बेहिसाब दौलत… फिर भी परिवार ने चुना वैराग्य का रास्ता।

धन-दौलत, कारोबार और सुख-सुविधाओं से किया किनारा, माता-पिता के साथ दोनों बेटियां भी लेंगी दीक्षा।

 करोड़ के कारोबार को अलविदा कहेगा पूरा परिवार, माता-पिता के साथ 14 वर्षीय बेटी भी लेगी जैन दीक्षा।


ब्यूरो चीफ मनोज कुमार सोनी। जयपुर। करोड़ों की संपत्ति, सूरत के कपड़ा बाजार में तीन दुकानें और करीब 15 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार। जिंदगी में सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं थी, लेकिन एक सड़क हादसे के बाद जीवन को देखने का नजरिया ऐसा बदला कि पूरे परिवार ने सांसारिक मोह-माया त्यागने का निर्णय कर लिया। अब यह जैन परिवार व्यापार और पारिवारिक सुख छोड़कर संयम की राह पर आगे बढ़ने जा रहा है।

यह परिवार गुजरात के सूरत में रहने वाले दिलीप भाई भोगर (47) का है, जो मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ के निवासी हैं। दिलीप भाई ने सीमित संसाधनों से शुरुआत कर सूरत के टेक्सटाइल कारोबार में अपनी पहचान बनाई। आज उनके पास तीन दुकानें और करोड़ों रुपये का कारोबार है।

लेकिन अब उनकी प्राथमिकताएं पूरी तरह बदल चुकी हैं। दिलीप भाई के साथ उनकी पत्नी ज्योति बेन (45), बड़ी बेटी छवि (22) और छोटी बेटी चार्वी (14) ने भी दीक्षा लेने का संकल्प लिया है। परिवार के चारों सदस्य 8 फरवरी 2027 को सूरत में जैन दीक्षा ग्रहण कर सांसारिक जीवन का त्याग करेंगे।

परिवार के इस निर्णय के पीछे दिलीप भाई का गंभीर सड़क हादसा अहम वजह बताया जा रहा है। उनकी पत्नी ज्योति बेन के अनुसार, कुछ समय पहले हुए दुर्घटना में उनके पति की जान पर बन आई थी। हालांकि, उपचार के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट आए। इस घटना ने परिवार को जीवन की क्षणभंगुरता का गहरा एहसास कराया।

इसके बाद परिवार ने सांसारिक सुख-सुविधाओं और धन-संपत्ति से आगे बढ़कर आध्यात्मिक जीवन को अपनाने पर विचार किया। धीरे-धीरे यह विचार सामूहिक संकल्प में बदल गया। इस पूरे मामले में सबसे अधिक चर्चा परिवार की 14 वर्षीय बेटी चार्वी के दीक्षा लेने के निर्णय को लेकर हो रही है। जहां एक ओर परिवार करोड़ों के कारोबार और संपत्ति को पीछे छोड़ने जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दोनों बेटियां भी माता-पिता के साथ संयम मार्ग अपनाने की तैयारी में हैं।

एक ऐसा परिवार, जिसके पास कारोबार, संपत्ति और सुविधाओं की कमी नहीं थी, अब इन सबका त्याग कर आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत करने जा रहा है। सूरत से लेकर राजस्थान तक इस अनोखे फैसले की चर्चा हो रही है।

Related Articles

Back to top button