जिस जेल में कभी चलाती थीं हुकूमत, आज उसी जेल में कैदी बनीं पूर्व महिला जेलर! अजमेर सेंट्रल जेल में पहुंचीं सलाखों के पीछे।
अजमेर जेल का उलटफेर! जिस जेल की थीं जिम्मेदार, उसी जेल में हुईं बंद।


अजमेर। कानून और जेल प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने वाली एक महिला अधिकारी को आखिरकार उसी जेल में कैदी बनकर रहना पड़ रहा है, जहां कभी उनकी हुकूमत चलती थी। मामला अजमेर सेंट्रल जेल की तत्कालीन महिला जेलर दिव्या चौधरी से जुड़ा है। पुलिस ने उन्हें महिला बंदियों से कथित तौर पर निजी काम करवाने और जेल नियमों के उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि 12 जुलाई को तत्कालीन जेलर दिव्या चौधरी ने दो महिला बंदियों किरण उर्फ सेठा और सना को जेल से बाहर निकालकर अपने निजी आवास पर ले गई थीं। वहां उनसे घरेलू काम और साफ-सफाई करवाने का आरोप है। बताया गया कि इस घटनाक्रम का विरोध जेल में तैनात महिला कर्मचारियों ने भी किया था। विरोध करने पर उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया।
मामले को लेकर 5 अगस्त को अजमेर के सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने जांच के बाद 6 अक्टूबर को दिव्या चौधरी को कोटा से गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चर्चित पहलू यह है कि जिस अजमेर सेंट्रल जेल में दिव्या चौधरी कभी जेलर के पद पर तैनात थीं, अब उसी जेल में उन्हें बंदी के रूप में रखा गया है।
जेल प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी के खुद सलाखों के पीछे पहुंचने से जेल व्यवस्था और महिला बंदियों के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है। आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत द्वारा किया जाएगा।



