सिकंदरा में खुली पुलिया की मांग को लेकर व्यापारियों और ग्रामीणों का जोरदार धरना प्रदर्शन।
संयुक्त व्यापार संघ के नेतृत्व में उठी जनआवाज़, दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा भी पहुंचे समर्थन में।

ग्रामीणों और व्यापारियों ने एकजुट होकर उठाई जनहित की आवाज
सिकंदरा-दौसा चौराहे पर प्रस्तावित पुलिया को बंद बनाए जाने की संभावना के विरोध में शुक्रवार को संयुक्त व्यापार संघ के बैनर तले व्यापारियों और ग्रामीणों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने खुली पुलिया निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि बंद पुलिया बनने से आमजन, व्यापार और यातायात व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा भी प्रदर्शन में शामिल हुए और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लोगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं और मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
धरने में कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामजीलाल, चंचल कसाना सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि पुलिया को बंद स्वरूप में बनाया गया तो स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, वहीं व्यापारिक गतिविधियों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र की जरूरतों और जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खुली पुलिया का निर्माण कराया जाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिकराय विधायक विक्रम बंसीवाल तथा दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर खुली पुलिया निर्माण की मांग करते हुए शीघ्र समाधान की अपील की है।
धरना प्रदर्शन के दौरान लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। व्यापार संघ और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जनता की मांगों को अनदेखा किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।



