दुकान में घुसकर 55 हजार रुपये किए पार, सिकंदरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा।
सर्विस सेंटर की दुकान में चोरी का खुलासा, 55 हजार की नकदी उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार।


क्राइम इंडिया TV डिजिटल डेस्क। दौसा। जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में दुकान के अंदर घुसकर 55 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दुकान में रखी पैंट की जेब से करीब 55 हजार रुपये पार कर दिए थे। पुलिस ने लगातार तलाश और आसूचना संकलन के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, परिवादी भोलाराम सैनी निवासी करौली ढाणी, नई कोठी ने 13 सितंबर को सिकंदरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि उसकी गढ़ कस्बे में मोटरसाइकिल सर्विस सेंटर की दुकान है। 13 सितंबर को सुबह करीब 8:30 बजे रामप्रसाद मीना अपने एक परिचित के साथ दुकान पर आया था। इस दौरान आरोपी दुकान के अंदर रखी पैंट की जेब से करीब 55 हजार रुपये निकालकर ले गया।
परिवादी को जब कुछ समय बाद नकदी गायब होने का पता चला तो उसने दुकान पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीना एवं वृत्ताधिकारी अशोक कुमार के सुपरविजन में सिकंदरा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, संदिग्ध गतिविधियों और आसूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार जानकारी जुटाई और तकनीकी संसाधनों की सहायता से आरोपी तक पहुंच बनाई। आखिरकार पुलिस ने चोरी की वारदात के आरोपी रामप्रसाद मीना (35) पुत्र मीनाराम मीना, निवासी डोलिका, थाना सिकंदरा, जिला दौसा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। चोरी की गई रकम की बरामदगी सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल छोटेलाल, कांस्टेबल राजेश एवं कांस्टेबल अजीत सिंह। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है।



