वर्दी का रौब पड़ा भारी, रिश्वतखोरी में तात्कालीन SHO यादव को 4 साल की जेल।
कानून का डर दिखाकर मांगी रिश्वत, अब खुद पहुंचे जेल।

छह साल पुराने मामले में ACB कोर्ट का फैसला, एक लाख रुपये मांगे थे, 90 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए थे दोनों आरोपी।
ब्यूरो चीफ मनोज कुमार सोनी। अलवर। प्रेम विवाह करने वाले युवक को जेल भेजने की धमकी देकर रिश्वत मांगना नारायणपुर थाने के तत्कालीन थानाधिकारी और उसके कथित दलाल को भारी पड़ गया। करीब छह साल पुराने रिश्वत प्रकरण में अलवर की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) अदालत ने तत्कालीन थानाधिकारी जितेंद्र कुमार यादव और बलवीर सिंह यादव को दोषी ठहराते हुए चार-चार साल के कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। फैसला न्यायाधीश अनु चौधरी ने सुनाया।
मामला जनवरी 2020 का है। संदीप यादव निवासी रसूलपुर, बुहाना (झुंझुनूं) ने जनवरी 2019 में थानागाजी क्षेत्र की सोनाली गंगावत से प्रेम विवाह किया था। युवती के पिता की ओर से बेटी को भगाकर ले जाने की शिकायत नारायणपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस संदीप और सोनाली को थाने ले आई।
जेल भेजने की धमकी देकर मांगे एक लाख
परिवादी कृष्ण कुमार ने एसीबी को शिकायत दी कि उसने थाने पहुंचकर दोनों के विवाह से संबंधित दस्तावेज तत्कालीन थानाधिकारी जितेंद्र कुमार को दिखाए थे। आरोप है कि थानाधिकारी ने संदीप को जेल भेजने की धमकी देते हुए मामले में राहत देने और कार्रवाई नहीं करने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी।
दलाल के जरिए 90 हजार रुपये में तय हुआ सौदा।
रिश्वत की रकम बलवीर सिंह यादव के माध्यम से मांगी गई। बाद में 90 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने सत्यापन कर 10 जनवरी 2020 को जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान बलवीर सिंह यादव को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। इसके बाद तत्कालीन थानाधिकारी जितेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
छह साल बाद दोनों को चार-चार साल की सजा।
मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद 4 नवंबर 2026 को एसीबी कोर्ट ने तत्कालीन थानाधिकारी जितेंद्र कुमार यादव और बलवीर सिंह यादव को दोषी करार देते हुए चार-चार साल के कारावास और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इस फैसले के साथ ही प्रेम विवाह करने वाले जोड़े को कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर रिश्वत मांगने का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।



