मनोज कुमार सोनी दौसा/सिकंदरा। यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने एवं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार शाम सिकंदरा थाना क्षेत्र की गीजगढ़ चौकी में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 15 वाहनों के चालान नियमों के अनुसार बनाए, जबकि कई वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है।
उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार अभियान में वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म, फर्जी या फैंसी नंबर प्लेट, अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर, प्रेशर हॉर्न, ‘प्रेस’ व ‘पुलिस’ जैसे अनधिकृत बोर्ड, तथा आरटीओ की अनुमति के बिना किए गए अवैध मॉडिफिकेशन की विशेष जांच की गई। इसके अलावा सीट बेल्ट, हेलमेट और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों पर भी सख्त निगरानी रखी गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और सभी की यात्रा सुरक्षित रहे।