राजस्थान पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, वायरल तस्वीर के बाद महिला कांस्टेबल पर गिरी गाज।
वर्दी की गरिमा पर सवाल: बुजुर्ग फरियादी के सामने टेबल पर पैर रखकर बैठी महिला कांस्टेबल सस्पेंड।

डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाने की घटना ने पुलिस के व्यवहार और संवेदनशीलता पर खड़े किए सवाल, एसपी ने की तत्काल कार्रवाई।
डूंगरपुर (राजस्थान)। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना परिसर से सामने आई एक तस्वीर ने पुलिस की कार्यशैली पर बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में एक महिला कांस्टेबल कथित तौर पर शिकायत लेकर आए एक बुजुर्ग फरियादी के सामने टेबल पर पैर रखकर बैठी दिखाई दे रही है। तस्वीर वायरल होते ही लोगों ने इसे फरियादी के सम्मान और पुलिस की गरिमा के विपरीत बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
जानकारी के अनुसार, बिछीवाड़ा थाने में तैनात महिला कांस्टेबल रीना गर्ग की यह तस्वीर गुरुवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। तस्वीर में एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा हुआ दिखाई देता है, जबकि महिला कांस्टेबल का बैठने का तरीका चर्चा का विषय बन गया। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पुलिस के आचरण और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार को लेकर कई सवाल उठाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डूंगरपुर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया और महिला कांस्टेबल को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।
इस घटना के बाद एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि पुलिस थानों में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।



