बावनपाड़ा में आग से भारी नुकसान, प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग।
मनोज कुमार सोनी। दौसा/सिकराय। सिकराय क्षेत्र के बावनपाड़ा गुर्जर बास में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हरिसिंह के पुराने मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही मकान की छत की कई पट्टियां भरभराकर गिर गईं। प्रारंभिक प्रयास के बावजूद पहली फायर ब्रिगेड आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा सकी। इसके बाद दूसरी फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, जिसके संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
पीड़ित हरिसिंह ने बताया कि आग से मकान को भारी नुकसान हुआ है। छत की कई पट्टियां टूटकर गिर गईं तथा मकान में दरारें आ गई हैं। हालांकि जिस मकान में आग लगी, वह पुराना और खाली था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
भाजपा पदाधिकारी मुल्कराज कसाना ने बताया कि प्रदेश प्रवक्ता प्रिया मीणा ने जिला प्रशासन को घटना की जानकारी देकर आवश्यक सहयोग का आग्रह किया, जिसके बाद दूसरी फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। वहीं समाजसेवी कुलदीप भोमिया ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को उचित राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।