बाड़मेर/जोधपुर। बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र से विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने अपने खिलाफ दर्ज FIR को चुनौती देते हुए राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर की शरण ली है। यह मामला शिव थाने में लोक कलाकार छोटू सिंह रावणा द्वारा दर्ज FIR संख्या 92/2026 से जुड़ा हुआ है।
इस प्रकरण में दायर क्रिमिनल मिस. पिटिशन संख्या 2784/2026 पर न्यायमूर्ति अनिल कुमार उपमन की एकल पीठ के समक्ष सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से लोक अभियोजक ने नोटिस स्वीकार किया, वहीं प्रतिवादी पक्ष की ओर से भी अधिवक्ता ने अदालत में उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपना पक्ष रखा।
अदालत ने याचिकाकर्ता को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी याचिका की प्रति प्रतिवादी पक्ष को उपलब्ध करवाएं। साथ ही, प्रतिवादी नंबर-2 को दो सप्ताह के भीतर जवाब पेश करने के आदेश दिए गए हैं।
फिलहाल मामला प्रारंभिक चरण (एडमिशन स्टेज) में है और अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 8 मई 2026 की तारीख तय की है। अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया उसी दिन से तेज होने की संभावना है।
इस पूरे घटनाक्रम पर क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्ष भी मामले पर नजर बनाए हुए है कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि हाईकोर्ट में दायर याचिका से मामले की दिशा बदल सकती है।
यदि अदालत से किसी प्रकार की अंतरिम राहत मिलती है, तो याचिकाकर्ता को बड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, प्रतिवादी पक्ष की ओर से कड़ा जवाब आने की संभावना जताई जा रही है। इस मामले का असर आने वाले समय में स्थानीय राजनीति और जनमत पर भी पड़ सकता है।