Business

केबीसी विजेता बिप्लब बिश्वास ने सीआरपीएफ से इस्तीफा दिया।

कौन बनेगा करोड़पति के एक करोड़ विजेता बिप्लब बिश्वास ने सीआरपीएफ से इस्तीफा दे दिया है। बीजापुर में सीनियर इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत बिश्वास अब स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर समाजसेवा और राजनीति में प्रवेश करेंगे। उनका लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त समाज बनाना है। बिप्लब जातिवाद के खिलाफ और हिंदू एकता के समर्थक हैं, मानते हैं कि देश की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है।

HighLights

  1. केबीसी विजेता बिप्लब बिश्वास ने सीआरपीएफ से इस्तीफा दिया।
  2. समाजसेवा और राजनीति में नई पारी शुरू करेंगे बिश्वास।
  3. भ्रष्टाचार मुक्त समाज और हिंदू एकता उनका लक्ष्य।

 कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में एक करोड़ के विजेता बिप्लब बिश्वास ने सीआरपीएफ से इस्तीफा दे दिया है। वर्तमान में वे बीजापुर में सीनियर इंस्पेक्टर के रूप में पदस्थ हैं।

अब वह स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेकर समाजसेवा और राजनीति में जीवन की खुशी तलाशेंगे। मूल रूप से बंगाल के नदिया जिले के रहने वाले बिप्लब की इकलौती बेटी अलीशा रांची में पढ़ाई कर रही हैं।

वह चार और बेटियों को गोद ले चुके हैं। इनमें एक नौवीं कक्षा में है, जबकि दो बैंक और सीआरपीएफ में नौकरी पा चुकी हैं। एक की शादी फौजी से हुई है।

बिप्लब बिश्वास ने CRPF से इस्तीफा दिया

शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त समाज के लक्ष्य के साथ जीवन की अगली पारी शुरू करने की तैयारी में बिप्लब के लिए 31 जनवरी सीआरपीएफ में सेवा का अंतिम दिन होगा।

बिप्लब के अनुसार, केबीसी के शामिल होकर उन्होंने एक करोड़ जीतने का लक्ष्य रखा था। शुक्रवार को रायपुर में विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने के बाद वह ‘नईदुनिया’ कार्यालय पहुंचे थे।

उन्हें अनुभव हो रहा है कि उक्त मंच ने सेलिब्रिटी के रूप में पहचान दे दी है। अब वह अपनी आवाज सीधे समाज के हर वर्ग तक पहुंचा पा रहे हैं।

समाजसेवा और राजनीति में नई पारी शुरू करेंगे बिश्वास

कुछ अधिकारियों ने उनकी वरिष्ठता का उल्लेख करते हुए जल्द ही डीएसपी के रूप में पदोन्नति की संभावना की बात की और सेवा में बने रहने की सलाह भी दी। परंतु बिप्लब बेचैन हैं।

उन्हें लगता है कि सामाजिक सुधार के लिए काम करने की अधिक आवश्यकता है। उन्हें गर्व है कि सीआरपीएफ में भ्रष्टाचार नहीं है। देश सेवा के लिए चौबीसों घंटे तत्पर रहना पड़ता है।

उसी संस्कृति और संस्कार से प्राप्त ऊर्जा से जातीय आधार पर बंटे समाज में एकता के लिए काम करना चाहते हैं।

बिप्लब का मानना है कि जातिवाद ने हमारे देश को गुलाम बनाया और आज भी राजनीतिक दल अपने वोट बैंक के लिए हिंदुओं को जातियों में बांटकर आपस में लड़ा रहे हैं। हिंदुओं की एकजुटता के बिना देश सुरक्षित नहीं है।

‘ड्यूटी टू सेलिब्रिटी’ की मिसाल

केबीसी में एक करोड़ रुपये के विजेता बिप्लब का सफर ‘ड्यूटी टू सेलिब्रिटी’ का उदाहरण बन रहा है। स्नातक तक पढ़ाई के बाद परिवार की आर्थिक चुनौतियों के कारण 1993 में सीआरपीएफ में कांस्टेबल के रूप में भर्ती बिप्लब की पहली तैनाती मणिपुर में रही।

वह अब युवाओं को लक्ष्य तय करने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। उनका मानना है कि लोगों का 80% समय उन विषयों पर चर्चा और काम में जाता है, जो उनके नियंत्रण में नहीं हैं। वह समय लक्ष्य को दिया जाए तो सफलता तय है। स्वअनुशासन से ही वह सेलिब्रिटी बन सके हैं।

पिता और पत्नी का संघर्ष

इस सफर की नींव संघर्षों पर टिकी है। बिप्लब ने बचपन में दूसरों के खेतों में मजदूरी की। दुर्घटना में पिता की आंखों की रोशनी जाने के बाद शिक्षक बनने का सपना छोड़ सीआरपीएफ ज्वाइन किया।

वर्तमान सफलता में कोरोना में साथ छोड़ गई पत्नी का भी बड़ा हाथ मानते हैं। वह बेटी की पढ़ाई के लिए रांची में रहती थी। केबीसी में सफलता के लिए प्रेरित करती थीं।

खेल में हर वक्त ऐसा लगा कि दिवंगत पत्नी उनके साथ ही है। बिप्लब मानते हैं कि व्यक्ति आर्थिक सुरक्षा के लिए नौकरी करता है, परंतु उनके कुछ अधिकारी भी मानते हैं कि नौकरी में खुशी नहीं मिलती।

Related Articles

Back to top button