दुर्घटना

5 लोगों की मौत और 3 घायल, आगरा में तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो को रौंदा

आगरा के खंदौली स्थित नगला चंदन के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

News Article Hero Image

 

HighLights

  1. तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी
  2. 5 लोगों की मौत, 3 सवारियां घायल
  3. टक्कर से ऑटो रिक्शा के परखच्चे उड़ गए

आगरा-जलेसर रोड पर तेज रफ्तार कंटेनर ने एक के बाद एक दो आटो में टक्कर मार दी। हादसे में आटो सवार 5 लोगों की मृत्यु हो गई। वहीं 3 लोग घायल हो गए। मृतक चार धाम यात्रा पूरी करने के बाद आगरा से घर लौट रहे थे। ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को पकड़ने के बाद उसकी पिटाई कर दी।

यात्रा पर गए थे लोग

हाथरस के सादाबाद के गांव नगला मनी और धांधऊ के ग्रामीण चारधाम की यात्रा पर गए थे। शनिवार सुबह सभी लोग ट्रेन से वापस लौटे। रामबाग से घर जाने के लिए सभी लोग दो आटो में सवार हो गए। जलेसर रोड पर शनिवार सुबह 11:30 बजे नगला चंदन के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने दोनों ऑटो में टक्कर मार दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

गांव वालों ने चालक को पकड़कर पीटा

घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कंटेनर चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां तीन लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम से भी कहासुनी हुई।

Related Articles

Back to top button