सांसद ब्रैंडन गिल ने टेक्सास में इस्लामीकरण पर चिंता जताई , स्थानीय मॉल में पाकिस्तान जैसा महसूस होने की बात कही।

अमेरिकी सांसद ब्रैंडन गिल ने टेक्सास के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में ‘इस्लामीकरण’ पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय मॉल में जाने पर ऐसा लगता है जैसे वे पाकिस्तान में हों, डलास में नहीं। गिल का मानना है कि व्यापक इस्लामी प्रवासन अमेरिका के मूल स्वरूप को नष्ट कर रहा है।
- बढ़ता इस्लामीकरण अमेरिका के मूल स्वरूप को खत्म कर रहा।
एक अमेरिकी कानून निर्माता ने टेक्सास राज्य के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों के ‘इस्लामीकरण’ को लेकर गहरी चिंता जताई है। यह कहते हुए कि अमेरिका के स्थानीय मॉल में जाना ‘पाकिस्तान में होने जैसा लगता है, डलास में नहीं’। उन्होंने कहा कि अमेरिका में बढ़ता इस्लामीकरण अमेरिका के मूल स्वरूप को खत्म कर रहा है।
अमेरिकी कांग्रेस के सांसद ब्रैंडन गिल ने शुक्रवार को ‘रियल अमेरिकाज वाइस’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ‘मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र से लगातार सुनता हूं कि लोग डलास क्षेत्र के इस्लामीकरण को लेकर गहरी और निराशाजनक चिंता व्यक्त कर रहे हैं।’
राष्ट्रवादी विचारधारा के कानून निर्माता ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग ‘मस्जिदों के बारे में सुन रहे हैं जो उस भूमि के पास तेजी से बढ़ते जा रहे हैं जिन पर उनके या उनके परिवार का पीढि़यों से स्वामित्व रहा है।’
पूरे के पूरे समुदाय बदल रहे हैं…
ब्रैंडन गिल ने कहा, ‘हमारे यहां पूरे के पूरे समुदाय बदल रहे हैं। अब सुनने को मिलता है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग जब अपने स्थानीय माल में जाते हैं और जब चारों ओर देखते हैं, तो ऐसा लगता है कि आप पाकिस्तान में हैं, अमेरिकी राज्य टेक्सास के डलास में नहीं। यह एक बड़ी समस्या है।’
उन्होंने एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट में कहा, ‘व्यापक इस्लामी प्रवासन उस अमेरिका को मार रहा है जिसे हम जानते हैं और प्यार करते हैं।’
गिल टेक्सास के 26वें कांग्रेसनल डिस्टि्रक्ट का प्रतिनिधित्व करते हैं। गिल को 2024 में कांग्रेस के लिए चुना गया था और वे हाउस ज्यूडिशियरी, बजट और डोज उपसमिति समेत समेत कई ओवरसाइट समितियों में कार्यरत हैं।
इन समितियों में वह अमेरिकी सीमा की सुरक्षा, जीवन की रक्षा, सरकारी बर्बादी को समाप्त करने और अमेरिका की आर्थिक शक्ति को बहाल करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं। उल्लेखनीय है कि गिल अमेरिका के जानेमाने भारतीय अमेरिकी दिनेश ओ डिसूजा के दामाद हैं। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)



