नांदरी में भीषण आग से तीन भैंस जिंदा जली, लाखों का नुकसान।
नांदरी में आग की घटना, प्रशासन ने लिया हालात का जायजा।

एडिटर इन चीफ मनोज कुमार सोनी |
दौसा जिले के नांदरी गांव में शुक्रवार दोपहर को अचानक लगी भीषण आग ने एक गरीब पशुपालक परिवार की कमर तोड़ दी। जानकारी के अनुसार मानसिंह मीणा के छप्पर पोष में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि छप्पर में बंधी तीन भैंसों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल पाया और वे जिंदा जल गईं।
घटना के दौरान उठती ऊंची लपटों को देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छप्पर पूरी तरह जल चुका था और भारी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण बिजली के तारों में आई खराबी माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलने पर नांदरी सरपंच कमल मीणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ राहत कार्य में जुट गए। वहीं प्रशासन भी हरकत में आया और एसडीएम, सीओ तथा बलाजी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया है।
इस घटना में पशुधन सहित लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।



