दीपावली पर जयपुर में ट्रैफिक का हाईटेक पहरा, QR कोड बताएगा पार्किंग का रास्ता; ड्रोन से होगी निगरानी।
गुलाबी नगरी में दीपावली पर बदलेगा ट्रैफिक का मिजाज, मोबाइल पर मिलेगी पार्किंग की जानकारी; नो-पार्किंग वालों पर कैमरों की नजर।

परकोटे सहित प्रमुख बाजारों में बदली यातायात व्यवस्था, कई बाजारों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; 6 से 9 नवंबर तक विशेष इंतजाम

जयपुर। दीपावली के त्योहार पर गुलाबी नगरी के बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम और पार्किंग की परेशानी से बचाने के लिए इस बार तकनीक का सहारा लिया गया है। पुलिस ने QR कोड आधारित व्यवस्था शुरू की है, जिसके माध्यम से वाहन चालक अपने मोबाइल पर निर्धारित पार्किंग स्थलों, यातायात की स्थिति और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। 6 से 9 नवंबर तक परकोटा क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख बाजारों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक नूनावत के अनुसार, आमजन की सुविधा के लिए विशेष वेबसाइट भी तैयार की गई है। वाहन चालक https://diwali.jaipurtrafficpolice.in पर जाकर पार्किंग और यातायात संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसका उद्देश्य बाजारों में अनावश्यक वाहन प्रवेश रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग
यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग प्रवेश मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड की तरफ से आने वाले वाहन चांदपोल अनाज मंडी तथा चांदपोल मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। माउंट रोड, ब्रह्मपुरी और चौगान की तरफ से आने वाले वाहन चौगान स्टेडियम में पार्क होंगे। सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर की तरफ से आने वाले वाहन रामनिवास बाग की भूमिगत पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं टोंक रोड, जेएलएन मार्ग और गोविंद मार्ग से आने वाले वाहन धर्मसिंह सर्किल, एमडी रोड और सांगानेरी गेट के रास्ते रामनिवास बाग पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
प्रमुख बाजारों में नो-व्हीकल जोन
भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए बापू बाजार, नेहरू बाजार, इंदिरा बाजार, संजय बाजार, जौहरी बाजार, किशनपोल बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, चांदपोल बाजार और गणगौरी बाजार सहित प्रमुख बाजारों में वाहनों के प्रवेश और पार्किंग पर प्रतिबंध संबंधी व्यवस्था लागू की गई है। एमआई रोड, संसार चंद्र रोड और परकोटे के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी यातायात पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालान और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने तथा मुख्य सड़कों पर वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है।
ई-रिक्शा और बसों के संचालन पर भी पाबंदी
विशेष यातायात व्यवस्था के दौरान परकोटा क्षेत्र सहित संसार चंद्र रोड, एमआई रोड, अशोक मार्ग और एमडी रोड के निर्धारित हिस्सों में ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। पर्यटक एवं सार्वजनिक परिवहन की बसों के परकोटा क्षेत्र में प्रवेश पर भी शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक रोक रहेगी। हल्के मालवाहक वाहनों के लिए भी अलग समय निर्धारित किया गया है।
देर रात तक मेट्रो से सफर की सुविधा
दीपावली पर बाजारों में खरीदारी और सजावट देखने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जयपुर मेट्रो का संचालन देर रात तक किए जाने की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग से ही त्योहार के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सकती है।
यातायात संबंधी परेशानी पर इन नंबरों पर करें संपर्क
ट्रैफिक हेल्पलाइन 1095,अन्य सहायता नंबर 2565630 / 2561256,व्हाट्सऐप हेल्प डेस्क 8764866972