कैसा दिखेगा मेरठ का खेल विश्वविद्यालय? फुटबॉल से लेकर स्वीमिंग पूल तक, फेज-2 में बनने जा रही हैं ये शानदार चीजें

मेरठ के सरधना में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का फेज 1 मार्च तक पूरा होगा। फेज 2 का निर्माण कार्य अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है, जिसमें फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और स्विमिंग पूल जैसी आउटडोर खेल सुविधाएं शामिल होंगी। आईआईटी रुड़की ने पानी रिसने की समस्या के स्थायी समाधान का प्रस्ताव दिया है, जिसकी लागत 22 करोड़ रुपये है।
सरधना के सलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का फेज 1 अंतिम चरण में पहुंच गया है। फेज 1 के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 31 मार्च तक का समय निर्धारित कर दिया गया है। वहीं, फेज 2 के लिए निर्माणकर्ता कंपनी दीपांशु प्रमोटर एंड बिल्डर्स प्रा. लि. रांची झारखंड को 31 अगस्त तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के फेज 2 में आउटडोर खेल गतिविधियों के लिए फुटबाल, वालीबाल, एथलेटिक्स, स्वीमिंग पूल आदि का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इनके नक्शे स्वीकृत हैं। ए-ब्लाक यानी फेज 1 में एडमिनिस्ट्रेशन ब्लाक, एकेडमिक ब्लाक, सेंट्रल लाइब्रेरी, क्लास रूम कांप्लेक्स, रेजीडेंस टाइप 2, 3, 4, 5, गर्ल्स हास्टल, ब्वायज हास्टल, हेल्थ सेंटर, बैडमिंटन कोर्ट, जिम्नास्टिक, मेंटीनेंस आफिस शामिल है।
पानी रिसने का होगा स्थाई समाधान
खेल विश्वविद्यालय में फेज 2 की ओर पानी रिसने की आशंका से बचने के लिए आइआइटी रूड़की की तकनीकी टीम ने दौरा कर प्रस्ताव तैयार किया था। जिसकी लागत लगभग 22 करोड़ है। इस प्रस्ताव को रिवाइज्ड कर शासन को भेजा गया है। इसके निर्माण से पानी रिसने की आशंका समाप्त हो जाएगी।
खेल विश्वविद्यालय एक नजर में
- नाम : मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय
- भूमि : 91.38 एकड़
- शासन से स्वीकृति : 316 करोड़
- शिलान्यास की तिथि : 2 जनवरी 2022
- विश्वविद्यालय का नक्शा तैयार करने वाली संस्था : डीडीएफ कंसलटेंट पीतमपुरा नई दिल्ली
- निर्माण करने वाली कंपनी : दीपांशु प्रमोटर एंड बिल्डर्स प्रा. लि. रांची झारखंड



