रिफॉर्म UK की उम्मीदवार लैला कनिंघम के बुर्के वाले बयान पर बवाल, स्टॉप-एंड-सर्च का दिया था सुझाव

रिफॉर्म यूके की लंदन मेयर उम्मीदवार लैला कनिंघम ने बुर्का पहनने वाली महिलाओं पर स्टॉप-एंड-सर्च की मांग की है, जिससे मुस्लिम समुदाय में भारी आक्रोश है। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने का विरोध किया और लंदन के कुछ हिस्सों को ‘मुस्लिम शहर’ बताया। मुस्लिम संगठनों ने उनके बयान को खतरनाक और विभाजनकारी बताया है, जबकि मौजूदा मेयर सादिक खान ने विविधता और धार्मिक स्वतंत्रता के महत्व पर जोर दिया।
HighLights
- लैला कनिंघम ने बुर्का पर स्टॉप-एंड-सर्च जांच की मांग की।
- उनके बयान से मुस्लिम समुदाय में गहरा आक्रोश फैल गया।
- सादिक खान ने विविधता और धार्मिक स्वतंत्रता का समर्थन किया।
ब्रिटेन की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है। दरअसल रिफॉर्म यूके पार्टी की लंदन मेयर पद की उम्मीदवार लैला कनिंघम ने बुर्का पहनने वाली महिलाओं पर स्टॉप-एंड-सर्च जांच की मांग की है। जिसके बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैल गया है।
आलोचक इसे सामाजिक एकता के लिए खतरा बता रहे हैं। बता दें कनिंघम मिस्र मूल की ब्रिटिश मुस्लिम हैं और पूर्व में क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस में काम कर चुकी हैं।
उन्हें 2028 के चुनाव के लिए हाल ही में लंदन मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है। उनके इस विवादास्पद विचार ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्टॉप-एंड-सर्च की रखी मांग
गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, कनिंघम ने स्टैंडर्ड पॉडकास्ट पर दिए इंटरव्यू में सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने का विरोध किया।
उन्होंने कहा, ‘एक खुले समाज में किसी को भी अपना चेहरा नहीं ढकना चाहिए। यह मान लेना चाहिए कि अगर आप अपना चेहरा छिपा रहे हैं, तो आप इसे किसी आपराधिक कारण से छिपा रहे हैं।’
लंदन के कुछ इलाकों को सांस्कृतिक रूप से अलग बताते हुए उन्होंने कहा, ‘अगर आप लंदन के कुछ हिस्सों में जाते हैं, तो ऐसा लगता है कि यह एक मुस्लिम शहर है। संकेत अलग भाषा में लिखे हुए हैं। बाजारों में बुर्का बेचा जा रहा है।’
कनिंघम ने जोर दिया कि लंदन में एक नागरिक संस्कृति होनी चाहिए और वह ब्रिटिश होनी चाहिए।’ इन टिप्पणियों ने मुस्लिम महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक समावेश पर बहस को तेज कर दिया है।
मुस्लिम नेताओं ने की आलोचना
बयान पर मुस्लिम संगठनों से कड़ी निंदा की है। क्रॉस-बेंच पीयर और मुस्लिम विमेन नेटवर्क यूके की चीफ एग्जीक्यूटिव शैस्ता गोहिर ने इसे खतरनाक और नस्लवादियों के लिए डॉग विसल करार दिया।
उन्होंने कहा कि यह मुस्लिम महिलाओं को अलग-थलग करेगा, खासकर उन थोड़ी-सी महिलाओं को जो बुर्का पहनती हैं।
गोहिर ने बताया कि उनके संगठन को धमकी भरे पत्र मिलने लगे हैं, जिसमें ग्रूमिंग गैंग का जिक्र करते हुए मुसलमानों को घटिया और गंदगी कहा गया है।
उन्होंने कहा, ‘हमें ग्रूमिंग गैंग के बारे में ऐसे खत मिले हैं जिनमें कहा गया है कि सभी मुस्लिम घटिया हैं, मुस्लिम गंदगी हैं।’ यह नफरत भरी बातें हैं, इसलिए जाहिर है लोग डरे हुए हैं।’
गोहिर ने कनिंघम पर आरोप लगाया कि वे मुसलमानों को यहां का नहीं बताकर दुर्व्यवहार को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने सवाल किया, ‘इस देश में बुर्का पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं की संख्या बहुत कम है और फिर भी कनिंघम ने NHS, स्कूलों या रहने के खर्च के बजाय इस पर ध्यान देने चुना है।
क्या वह पुलिस से हैरॉड्स में बुर्का पहनने वाली अमीर विजिटर्स को गिरफ्तार करवाएंगी, या यह सिर्फ व्हाइटचैपल की महिलाओं के लिए है?’
मौजूदा मेयर सादिक खान ने क्या कहा?
लंदन के मौजूदा मेयर सादिक खान ने LBC रेडियो पर कहा कि समुदायों को बांटने की कोशिशें पुरानी हैं, लेकिन इनका मुकाबला जरूरी है।
उन्होंने जोर दिया, ‘लगभग बिना किसी बहस के, हमारा शहर हमारी विविधता के कारण दुनिया का सबसे महान शहर है।’
मेरा मतलब है, आप धर्म की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता वगैरह के मामले में कितना पीछे जाना चाहते हैं? ये असल में ब्रिटिश अधिकार हैं जिन पर हमें बहुत गर्व है।’


