Rajasthan Rain Alert: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर; राजस्थान में बारिश-ओलावृष्टि, 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम ने करवट ली है। जयपुर सहित कई जिलों में बारिश और ओले गिरे, जिससे तापमान में गिरावट आई। 13 जिलों में ऑरेंज और 13 में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक उत्तर-पूर्वी हिस्सों में असर रहने की चेतावनी दी है।
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बुधवार को 13 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।राजधानी जयपुर और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई और कई जगह ओले भी गिरे। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बढ़ गई है, जिससे पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी पर ब्रेक लग गया है। मंगलवार को भी नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में हल्की बारिश हुई, जबकि नागौर के जायल क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री गिरकर 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में जारी आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, बूंदी, भीलवाड़ा, कोटा, चित्तौड़गढ़ और अजमेर जिलों में आंधी, तेज बारिश और ओले गिरने की संभावन जताते हुए ओरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, बारां, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, नागौर, चूरू, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान की बात करें तो बाड़मेर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पाली और चित्तौड़गढ़ में 32.5 से 32.4 डिग्री, जोधपुर 31.8, जालोर 31.6, चूरू 31.4 डिग्री, बीकानेर 30.9, दौसा 30.9, झुंझुनूं 30.8 डिग्री, कोटा 30.5, जैसलमेर 30.5, फतेहपुर और करौली 30 डिग्री, अजमेर 29.5, अलवर 29.5, जयपुर 29.1 डिग्री, सीकर 29 और बारां में 29 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं श्रीगंगानगर सबसे ठंडा जिला रहा।



