फलोदी जिला बनने के बाद एनडीपीएस एक्ट में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी से मचा हड़कंप।
फलोदी। राजस्थान के सीमावर्ती और रेगिस्तानी इलाकों में लगातार फैल रहे नशे के नेटवर्क पर फलोदी पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा प्रहार करते हुए करोड़ों रुपये कीमत का अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। जिला स्पेशल टीम (DST) फलोदी और थाना चाखू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 35 क्विंटल 92 किलो 300 ग्राम अवैध डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ने में सफलता मिली है। इस कार्रवाई को फलोदी जिला बनने के बाद नशे के खिलाफ सबसे बड़ी और सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15-16 अप्रैल 2026 की रात जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली कि रेगिस्तानी रास्तों से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ की खेप गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही डीएसटी प्रभारी प्रदीप एएसआई ने थाना चाखू पुलिस को अलर्ट किया और संयुक्त रूप से बूंगड़ी क्षेत्र में घेराबंदी शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस की सक्रियता देखकर ट्रक चालक घबरा गया और ट्रक को बीच रास्ते में छोड़कर अंधेरे तथा धोरों का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने कई किलोमीटर तक रेतीले इलाके में पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। इसके बाद जब ट्रक की तलाशी ली गई तो पुलिस भी दंग रह गई। ट्रक में प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में डोडा पोस्त भरा हुआ मिला।
जांच में कुल 3592.300 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक नंबर RJ 21 GA 8229 को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है, जो राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों का इस्तेमाल सुरक्षित कॉरिडोर के रूप में कर रहा था।
इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में भारी हड़कंप मच गया है। पुलिस अब ट्रक के मालिक, तस्करी नेटवर्क और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
मामले में थाना चाखू में एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच भोजासर थानाधिकारी जमील खान को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस राज्य या जिले में सप्लाई किया जाना था।
इस बड़ी कार्रवाई में थाना चाखू के थानाधिकारी प्रेमाराम, डीएसटी प्रभारी प्रदीप एएसआई, मांगीलाल एएसआई, हेड कांस्टेबल महेंद्र उज्ज्वल, कांस्टेबल चौखाराम, रामेश्वर, महेंद्र चौधरी, गंगाराम कमांडो, खुमाणसिंह, शैतानराम और श्यामाराम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम के साहस और सतर्कता की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।