सायबर क्राइम समाचार

61.40 लाख की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का दिया था झांसा।

व्हाट्सएप-टेलीग्राम पर ट्रेडिंग का लालच देकर 61 लाख की ठगी, साइबर पुलिस की कार्रवाई।

दौसा। निवेश के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर रकम ऐंठने वाले साइबर ठगों के नेटवर्क के खिलाफ दौसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आए मामले में पीड़ित से 61 लाख 40 हजार रुपये की रकम ऑनलाइन माध्यम से ठगी गई थी।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया गया। विदेशी मुद्रा कारोबार और Hentec Market में निवेश के नाम पर भरोसा जीतकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए लाखों रुपये जमा करवाए गए। बाद में निवेश और मुनाफे के दावे धोखाधड़ी का हिस्सा सामने आए।

मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस ने डिजिटल लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। जांच में आरोपी की भूमिका सामने आने पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र में कार्रवाई कर वैभव रामचंद्र सुतार, उम्र 31 वर्ष, को गिरफ्तार किया। आरोपी महाराष्ट्र के सतारा जिले का निवासी बताया गया है, जो वर्तमान में सांगली क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस जांच के अनुसार, ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी फर्म और बैंक खाते का इस्तेमाल किया तथा खाते में आने वाली रकम पर कमीशन प्राप्त किया।

इस कार्रवाई को जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा के मार्गदर्शन में साइबर अपराध शाखा ने अंजाम दिया। साइबर टीम ने तकनीकी जानकारी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। साइबर पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और लेनदेन की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।

 

Back to top button