राष्ट्रीय

पाकिस्तानी मूल के इन खिलाड़ियों को मिला वीजा, भारत में टी-20 विश्वकप खेलने का रास्ता साफ

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए पाकिस्तानी मूल के 42 खिलाड़ियों और अधिकारियों के वीजा प्रक्रिया को आसान बनाया है। इंग्लैंड के आदिल राशिद, रेहान अहमद और साकिब महमूद सहित कई खिलाड़ियों को पहले ही वीजा मिल चुका है। अमेरिका, नीदरलैंड्स, यूएई, इटली, बांग्लादेश और कनाडा के पाकिस्तानी मूल के सदस्यों के लिए भी प्रक्रिया जारी है। वीजा जारी करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है, जबकि विश्व कप 7 फरवरी से शुरू होगा।

HighLights

  1. ICC ने पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों के वीजा सुगम किए।
  2. इंग्लैंड के आदिल राशिद समेत कई को वीजा मिला।
  3. वीजा जारी करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप में भाग लेने वाले पाकिस्तानी मूल के सभी 42 खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए वीजा संबंधी औपचारिकताओं को सुविधाजनक बनाने के लिए कदम उठाया है।

जानकारी है कि इस सूची में इंग्लैंड के पाकिस्तान मूल के खिलाड़ी आदिल राशिद, रेहान अहमद और तेज गेंदबाज साकिब महमूद के वीजा आवेदन पहले ही मंजूर किए जा चुके हैं। वहीं नीदरलैंड्स की टीम के सदस्यों और कनाडा के सहयोगी स्टाफ के सदस्य शाह सलीम जफर को भी वीजा मिल चुका है।

कौन-कौन से देशों से आ रहे पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी?

टी-20 विश्व कप के लिए भारत आने वाली अमेरिका की टीम में भी अली खान और शायन जहांगीर तथा नीदरलैंड की टीम में जुल्फिकार साकिब जैसे पाकिस्तानी मूल के कुछ खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं संयुक्त अरब अमीरात, इटली, बांग्लादेश और कनाडा की टीम में पाकिस्तानी राष्ट्रीयता या पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों और अधिकारी हैं।

वीजा जारी करने की आखिरी तारीख 31 जनवरी

इन सब के लिए भी वीजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। इसकी जरूरी कार्यवाही के लिए अगले सप्ताह की तिथि नियत कर दी गई है। आईसीसी इसके लिए विभिन्न देशों के कई शहरों में स्थित भारतीय उच्चायोगों के साथ लगातार संपर्क में है। प्रतिभागियों के लिए वीजा जारी करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। टी-20 विश्व कप सात फरवरी से शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button