क्राइम समाचार

विदाई समारोह के दौरान चाकूबाजी, दो छात्र घायल, मोबाइल को लेकर हुआ विवाद

Jhalawar News: झालावाड़ के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विदाई समारोह के दौरान एक बाहरी युवक ने दो छात्रों पर चाकू से हमला किया। मोबाइल फोन को लेकर हुई इस घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हुए।

झालावाड़ जिले के कोटा क्षेत्र के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चेचट में शनिवार को 12वीं कक्षा के विदाई समारोह के दौरान हड़कंप मच गया। स्कूल परिसर के बाहर एक बाहरी युवक ने दो छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत चेचट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से दोनों को झालावाड़ अस्पताल रेफर किया गया।

बाहरी युवक ने छात्रों पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में 12वीं कक्षा का विदाई समारोह आयोजित किया गया था। समारोह के दौरान दोनों छात्र कुछ देर के लिए स्कूल गेट के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक बाहरी युवक वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश तथा मोबाइल फोन के विवाद को लेकर अचानक दोनों पर चाकू से हमला कर दिया।

हमलावर आरोपी फरार
हमले में एक छात्र के सीने में वार हुआ, जबकि दूसरे छात्र के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। छात्रों की चीख-पुकार सुनकर शिक्षक और अन्य विद्यार्थी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी युवक फरार हो चुका था। घायल छात्रों का इलाज चेचट अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

पीड़ित छात्र ने क्या बताया?
पीड़ित छात्र ने बताया कि आरोपी पहले उसके दोस्त का मोबाइल चेक करने लगा था। मोबाइल देने से इंकार करने पर आरोपी ने उसके दोस्त के सीने पर चाकू से वार किया। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से उसके नाक और सिर पर हमला किया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस का क्या कहना?
वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सुरेंद्र गोदारा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल छात्रों के बयान अस्पताल में दर्ज किए गए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button