क्राइम समाचार
Trending

चोरी के जेवरों से चल रहा था गोल्ड लोन का खेल, 30 लाख का माल बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार।

घर खाली मिला तो तोड़ दिया ताला, चोरी के सोने से लेते रहे कर्ज; हरमाड़ा पुलिस ने खोला पूरा खेल।

जयपुर। सूने मकानों को निशाना बनाना, चोरी के गहनों को निजी गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखना और फिर किराये के मकान बदलकर पहचान छिपाना। जयपुर में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों का पुलिस ने ऐसा तरीका उजागर किया है। हरमाड़ा थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर करीब 30 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजीत उर्फ विजय (25) और राजेश उर्फ गुड्डू (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के आभूषणों के अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और ताले तोड़ने के औजार भी बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की पहचान करते थे। मौका मिलते ही मकान के ताले तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के सोने को बाजार में बेचने के बजाय निजी गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर रकम हासिल करते थे। संदेह से बचने के लिए आभूषण एक साथ गिरवी नहीं रखते, बल्कि अलग-अलग समय पर एक-एक गहना जमा कराते थे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए किराये के मकानों में रहते और लगभग पांच महीने बाद ठिकाना बदल लेते थे। चोरी के चांदी के आभूषण किराये के मकान में छिपाकर रखते थे और बाद में उत्तर प्रदेश ले जाकर बेचने की बात भी जांच में सामने आई है।

सीसीटीवी और मुखबिरों से खुला मामला।

मामले की शुरुआत 22 अक्टूबर को हरमाड़ा थाने में दर्ज मकान चोरी की शिकायत से हुई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिरों से मिली सूचनाओं और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के बाद दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस अब आरोपियों से जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में अन्य मामलों के खुलासे की संभावना भी जताई गई है।

Related Articles

Back to top button